Live: IND U19 vs SL U19: भारतीय अंडर-19 टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 46.2 ओवर में 173 रनों पर समेट दिया। मध्यम गति के गेंदबाज चेतन शर्मा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका के लिए लवकिन अबेसिंघे ने 110 गेंदों पर 69 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।
उनके इस योगदान के चलते श्रीलंका 170 के पार पहुंच सका। भारतीय गेंदबाजी में चेतन ने 34 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं, किरन चोरमाले और आयुष म्हात्रे ने दो-दो विकेट लिए, जबकि युद्धजीत गुहा और हार्दिक राज ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।
श्रीलंकाई पारी की शुरुआत और भारतीय गेंदबाजों का जलवा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को शुरुआत से ही झटके लगे। तीसरे ओवर में पुलिंदु परेरा रन आउट होकर 6 रन पर पवेलियन लौट गए। इसके तुरंत बाद चेतन ने सलामी बल्लेबाज दुलनिथ सिगेरा को 16 गेंदों पर 2 रन पर बोल्ड किया। चेतन ने अगली ही गेंद पर विमथ दिंसारा को एलबीडब्ल्यू कर श्रीलंका को संकट में डाल दिया। दिंसारा बिना खाता खोले आउट हुए।
लवकिन और शारुजन ने संभाली पारी
शुरुआती झटकों के बाद लवकिन अबेसिंघे और शारुजन शानमुगानाथन ने चौथे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी कर पारी को स्थिरता दी। हालांकि, आयुष म्हात्रे ने शारुजन को 42 रन पर बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। शारुजन ने 78 गेंदों में दो चौके लगाए। इसके बाद आयुष ने कविजा गमागे को 10 रन पर आउट किया।
तेजी से गिरा श्रीलंका का मध्यक्रम
कप्तान विहास थेवमिका ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन 14 रन बनाकर किरन की गेंद पर आउट हो गए। उनके आउट होते ही श्रीलंकाई पारी बिखरने लगी। आखिरकार, भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 173 रनों पर रोक दिया, जिससे भारत को 174 रनों का लक्ष्य मिला।